सुल्तानपुर। जिले में अन्य जनपदों की अपेक्षा पुरुषों की तुलना में महिलाओं का अनुपात कम है। इसे देखते हुए मंगलवार को विधानसभा मतदाता पंजीकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए डीएम ने अधिक से अधिक महिलाओं का पंजीकरण कराने पर जोर दिया है। इसके लिए जागरूकता की अपील की है।
देहली बाजार में स्थित हर्ष महिला पीजी कॉलेज में मंगलवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने विधानसभा निर्वाचक नामावली के मतदाता पंजीकरण अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने लोगों को जानकारी दी कि अन्य जनपदों की तुलना में जिले में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं का अनुपात कम है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने की जरूरत है। विद्यालय की छात्राओं व अध्यापकों से डीएम ने विद्यालय के साथ अपने घर के आसपास के लोगों को पंजीकरण के लिए जागरूक करने की अपील की। बताया कि पंजीकरण कार्यक्रम 15 दिसंबर तक चलेगा। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले लोग अभियान में ऑनलाइन व फॉर्म भरकर भी मतदाता बन सकते हैं।
एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि 22, 28 नवंबर, पांच व 13 दिसंबर को बूथ पर कर्मचारी पहुंचकर मतदाता पंजीकरण का फॉर्म भरवाएंगे। अभियान में नया नाम जोड़ने, संशोधन व काटने की प्रक्रिया भी की जाएगी। विद्यालय के प्रबंधक विकास शुक्ल ने डीएम को एक प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया।
इस मौके पर कैलाश नाथ शुक्ल, वासुदेव तिवारी समेत अन्य कर्मचारी व अध्यापक मौजूद रहे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मतदाता पंजीकरण अभियान कार्यक्रम का आयोजन शहर में राणा प्रताप पीजी कॉलेज, जयसिंहपुर, कादीपुर व लंभुआ तहसील में भी आयोजित किया गया।