भदैंया (सुल्तानपुर)। क्षेत्र की पखरौली स्थित पौधशाला का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी व जिला विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पौधे सूखे दिखाई दिए।
वन दरोगा ने बताया कि पौधों में रोग लग गया है। इस पर अधिकारियों ने वन दरोगा को दवा के छिड़काव का निर्देश दिया। इसके बाद ब्लॉक का निरीक्षण किया गया। ब्लॉक के निरीक्षण में गंदगी मिलने पर सीडीओ ने एडीओ पंचायत को कड़ी फटकार लगाई।
भदैंया विकास खंड के पखरौली स्थित वन विभाग की पौधशाला का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स व जिला विकास अधिकारी डॉ. डीआर विश्वकर्मा ने निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने जुलाई माह में होने वाले वृहद पौधरोपण कार्यक्रम को लेकर नर्सरी पर तैयार किए गए पौधों की स्थिति का जायजा लिया। सीडीओ अतुल वत्स तथा डीडीओ डीआर विश्वकर्मा शनिवार की दोपहर करीब एक बजे अचानक भदैंया के पखरौली पौधशाला पहुंच गए।
अधिकारियों को देख वनकर्मी सकते में आ गए। निरीक्षण में अर्जुन के कई पौधे की पत्तियों में कीड़े लगे थे तो कुछ की पत्तियां सूखी थीं। क्षेत्रीय वन दरोगा अतुल सिंह ने बताया कि पौधों में रोग लग गया है।
इस पर सीडीओ ने पौधों पर दवा का छिड़काव करने का निर्देश दिया। इसके बाद दोनों अधिकारी भदैंया ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे वहां खंड विकास अधिकारी नदारद रहे।
एडीओ पंचायत कार्यालय के पास गंदगी देख डीडीओ ने एडीओ पंचायत संतोष पाल को फटकार लगाई। ब्लॉक मुख्यालय पर रजिस्टर जांच में एडीओ नरेंद्र कुमार, लिपिक फिरदौस जहां व लिपिक बृजेंद्र कुमार तिवारी नदारद मिले। अधिकारियों ने गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही। अधिकारियों के निरीक्षण से ब्लॉक पर हड़कंप मचा रहा।