सुल्तानपुर। भतीजे के साथ मायके जा रही महिला को लिफ्ट देने के बहाने बदमाशों ने एक लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को धक्का देकर वाहन से नीचे उतार दिया और फरार हो गए। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के बड़ाडांड़ बघौना निवासी दिनेश यादव पिछले सोमवार की सुबह अपनी चाची शीला पत्नी धर्मराज यादव के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र के अमहट चौराहे पर खड़े थे। शीला अपने मायके ढबिया वलीपुर जाने वाली थी।
तभी एक वैन पर सवार दो लोग वहां पहुंचे और लिफ्ट देने के बहाने दोनों को कार में बैठा लिया। दोनों युवकों ने कहा कि जो इच्छा करे, मुझे पैसा दे देना। शीला अपना सूटकेस लेकर भतीजे के साथ कार में बैठ गई। रास्ते में दो अन्य युवक भी कार में बैठ गए।
रास्ते में बदमाशों ने शीला के सूटकेस में रखे जेवरात और पांच हजार रुपये निकाल लिए। शीला ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे और भतीजे को धक्का देकर कार से नीचे उतार दिया और फरार हो गए।
राहगीरों की मदद से दिनेश ने इसकी सूचना यूपी 112 के साथ ही कुड़वार थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है।