सुल्तानपुर। किसान के घर की बेटी ज्योति गांव से निकलकर आज टेबल टेनिस में राष्ट्रीय फलक पर चमक रही है। यह सफलता उसे शहर की पढ़ाई से नहीं, बल्कि गांव के परिषदीय विद्यालय में पढ़ते समय मिली। भदैंया ब्लॉक के भरथीपुर गांव की ज्योति ने पढ़ाई के समय से ही टेबल टेनिस में हाथ आजमाना शुरू किया था और आज सफलता उसके कदम चूम रही है।
ज्योति के पिता प्रदीप कुमार खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी माता भी गृहिणी हैं। शुरुआती पढ़ाई गांव के परिषदीय विद्यालय में हुई। कक्षा पांच उत्तीर्ण होने के बाद ज्योति ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर में प्रवेश लिया। होनहार छात्रा की लगन देख यहां के शिक्षक मुनेंद्र मिश्र ने टेबल टेनिस का प्रशिक्षण देना शुरू किया। थोड़े ही दिन में वह खेल की बारीकियां सीख गईं और ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
पहली बार सफल हुईं, तो उत्साह बढ़ता गया। छठवीं में पढ़ाई के दौरान ही परिषदीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले से लेकर मंडल व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बना लीं। इसके बाद तो उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद इनका चयन आवासीय क्रीड़ा छात्रावास में हो गया। मौजूदा समय वह अयोध्या के डाभासेमर स्थित आवासीय क्रीड़ा छात्रावास में रहकर खेल का प्रशिक्षण ले रही हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में किया प्रतिभाग
सितंबर 2025 में प्रयागराज में 17 आयु वर्ग की माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर अपनी जीत दर्ज कराकर ज्योति राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं। इसके अलावा वर्ष 2024-25 में दमन में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर जिले का नाम रोशन कर दिया। मौजूदा समय में वह अयोध्या मंडल की ओर से तमिलनाडु के पेरमबुलर स्टेडियम में 26 से 30 दिसंबर तक चलने वाली जूनियर नेशनल स्कूल खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं।