कलेक्ट्रेट में उद्योग बंधु की बैठक में शामिल व्यापारी व अन्य।
सुल्तानपुर। कलेक्ट्रेट में बुधवार को हुई उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में ट्रांसपोर्टनगर में सुविधाओं को विकसित करने सहित कई प्रकरण उठाए गए। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्राथमिक सुविधाओं के अभाव में ट्रांसपोर्टर अपना कार्य शुरू नहीं कर पाएंगे। व्यापारी तब तक अपनी अंतिम किस्त भी नहीं जमा करेंगे। उन्होंने ट्रांसपोर्टनगर के संचालन की व्यवस्था करने की मांग उठायी।
मुख्य विकास अधिकारी ने तहसीलदार सदर व अभियंता की कमेटी बनाकर जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अरुण जायसवाल ने लक्ष्मणपुर के औद्योगिक आस्थान का प्रकरण उठाया, इसमें गड़बड़ी की शिकायत की। शहरी क्षेत्र में ई रिक्शा के अवैध संचालन, अवैध स्टैंड व ई रिक्शा के रूट निर्धारण करने के लिए सीडीओ ने नगर पालिका को पुलिस से समन्वय स्थापित कर समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर सभी प्रकरणों को समय सीमा के भीतर निस्तारित करने का दावा किया गया। इसमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रगति की जानकारी दी गई। बताया कि 23 विभागों से संबंधित 71 इकाइयों में उत्पादन कार्य प्रारंभ हो गया है। इस मौके पर व्यापारी अनूप श्रीवास्तव, हिमांशू मालवीय, अमर बहादुर सिंह कई व्यापारी मौजूद रहे। बैठक में उद्योग उपायुक्त नेहा सिंह, एलडीएम समीर पात्रा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।