प्यास बुझाने के लिए जूस की दुकान पर लगी भीड़।
जिले में भीषण गर्मी से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। लू के थपेड़ों से लोग झुलस रहे हैं। तेज धूप लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। किसानों के खेत में बोई गई जायद की फसलें सूखने लगी हैं। शनिवार को दिन भर हुई भीषण गर्मी से अधिकतम तापमान बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। विभाग ने रविवार को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने और तापमान में इजाफा होने का अनुमान लगाया है।
शनिवार को भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। सुबह के समय मौसम साफ रहने से धूप निकल आई। सुबह करीब 10 बजे आते-आते तेज धूप ने कहर ढाना शुरू कर दिया। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप से सड़कों पर भीड़-भाड़ कम हो गई। तेज धूप से बचाव करने के लिए लोगों को गमछा व छाता का सहारा लेना पड़ा।
दोपहर के दौरान पछुआ हवा के साथ चल रही लू ने लोगों को झुलसा दिया। गर्मी से परेशान लोग बेल का शर्बत व गन्ना का जूस पीने के साथ ही अन्य ठंडा पेय पदार्थ का सेवन करते रहे। दिन भर हुई भीषण गर्मी से अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
शाम के समय सूरज की तपिश कुछ कम होने पर लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा है।
न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम में आर्द्रता (नमी) 50-24 फीसदी रही। उत्तरी-पछुवा हवा की गति 4.9 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलने और तापमान में इजाफा होने का अनुमान लगाया है।