कूरेभार से निकली आम आदमी पार्टी की पदयात्रा में आगे चलते राज्यसभा सांसद संजय सिंह।
सुल्तानपुर। आम आदमी पार्टी की रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो, पदयात्रा शनिवार को अयोध्या से कूरेभार पहुंची। पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे सांसद संजय सिंह ने कहा कि रोजगार जनता का हक है। प्रदेश की जनता को रोजगार दिलाने के लिए लड़ाई जारी रहेगी।
राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में अयोध्या के देवकाली तिराहा से निकली पदयात्रा शनिवार को कूरेभार कस्बा पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सांसद संजय सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि बिहार चुनाव में 80 लाख वोटों की चोरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जीत का प्रमाणपत्र पहले ही पहुंचा दिया था।
संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने 13 तारीख को मतगणना शुरू होने से पहले ही इस संबंध में बयान दे दिया था। कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को रोजगार और न्याय दिलाने की हमारी लड़ाई लगातार जारी रहेगी। आने वाले दिनों में प्रदेश भर में इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कूरेभार थाना प्रभारी विजयंत मिश्र अपनी टीम के साथ डटे रहे। शनिवार रात कटका खानपुर में स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में पदयात्री विश्राम करेंगे। रविवार सुबह यात्रा आगे के लिए रवाना होगी।
पदयात्रा में ये रहे मौजूद
पदयात्रा में उनके साथ ललित झा, लालजी, पंकज यादव, वीरेंद्र कुमार यादव, मोहम्मद मुनव्वर, पंचम यादव, नफीस पठान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।