कुड़वार में दूसरी पाली की परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में बृहस्पतिवार को पहली पाली में इंटर की नृत्यकला, संगीत गायन व संगीत वादन और दूसरी पाली में इंटर की तर्कशास्त्र, भौतिक विज्ञान व मनोविज्ञान की परीक्षा कराई गई। पहली पाली की परीक्षा चार व दूसरी पाली की 125 केंद्रों पर हुई। इंटरमीडिएट की दूसरी पाली की भौतिक विज्ञान व शिक्षा शास्त्र की परीक्षा में पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 875 अनुपस्थित रहे।
कलावती इंटरमीडिएट शाहपुर लपटा की 12वीं की छात्रा नवी सिंह ने कहा कि भौतिक विज्ञापन का पेपर संतुलित था। ज्यादातर प्रश्न किताबों से ही आए थे, इसलिए कोई परेशानी नहीं हुई। छात्रा अनिष्ठा पांडेय ने कहा कि पेपर वैसे तो काफी आसान था, लेकिन कुछ संख्यात्मक प्रश्न काफी घुमावदार थे। अभ्यास से उन्हें हल करने में कोई कठिनाई नहीं हुई। छात्रा प्रिंसी यादव ने बताया कि सभी प्रश्न हमारे पाठ्यक्रम से ही आए थे। पेपर बहुत ही अच्छा गया है। छात्रा नीशू यादव ने कहा कि सरल पेपर हाेने से उसे हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज धम्मौर की छात्रा अनमोल पांडेय ने बताया कि भौतिकी की परीक्षा शुरू होने से पहले घबराहट थी, लेकिन प्रश्न पत्र देखते ही डर दूर हो गया। समय से पहले पूरा पेपर हल कर लिया। छात्रा साधना सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्र पाठ्यक्रम के अनुसार ही था। एक प्रश्न छूट गया, लेकिन वे अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। छात्रा अंजली चौरसिया ने बताया कि पेपर काफी आसान था। उम्मीद है कि काफी अच्छे अंक आएंगे।