सुलतानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में टॉप टेन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों का सम्मान शनिवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किया गया। बोर्ड परीक्षा में सुल्तानपुर का नाम रोशन करने वाले 24 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र, टैबलेट और चेक देकर सम्मानित किया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में वर्ष-2024 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के राज्य स्तरीय मेरिट में टाॅप-10 में शामिल 16 व कुल 24 मेधावियों का सम्मान किया गया। इसी तरह राज्य स्तरीय मेरिट में टाप-5 स्थान में शामिल जिले के कुल चार मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया जिसका लाइव प्रसारण विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया।
सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं व अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा। राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्येक मेधावी को एक लाख का चेक व टैबलेट प्रदान किया गया। साथ ही जिला स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्येक मेधावी को 21,000 का चेक व टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, सीडीओ अंकुर कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, ब्लॉक प्रमुख दूबेपुर प्रतिनिधि अखिलेश प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रवि शंकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मेधावियों में दिखी ऊंची उड़ान के साथ आसमान छूने की हसरत
इंटरमीडिएट की मेधावी श्वेता मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल काफी उत्साहवर्धक है। सिविल सेवा के जरिये आसमान कब्जाने की कोशिश नित जारी रहेगी। उनका सपना आईएएस बनकर देश की सेवा करना है। इंटरमीडिएट की मेधावी खुशी मिश्रा भी आईएएस अफसर बनकर माता-पिता के सपनों को पूरा करना चाहती हैं। मेधावी श्रेया पाठक प्रोफेसर बनकर नई पीढ़ी संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने में सहयोग करना चाहती हैं। इसी तरह मेधावी आयुष बरनवाल चिकित्सा क्षेत्र में जाकर सेवा की भावना रखते हैं। सभी मेधावियों ने एक स्वर में देश सेवा के लिए कठिन मेहनत करने का संकल्प लिया और कहा कि अभी तो उड़ान भरी है, जल्द ही आसमान छूने की हसरत है।
अमर उजाला ने भी किया सम्मान
कार्यक्रम में अमर उजाला ने भी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। अमर उजाला की ओर से सभी मेधावियों को मेडल व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।