कुड़वार। सुबह सात बजे से ही कुड़वार कस्बे की गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार लग गई। हाथ में बुकिंग परची लिए महिलाएं, बुजुर्ग और युवक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, उम्मीद भी कम होती रही। दोपहर होते-होते एजेंसी से एक ही जवाब मिलता कि आज भी लोड नहीं आया। इसके बाद लोग मायूस होकर लौटना शुरू कर देते हैं।
यह कोई एक दिन की बात नहीं, बल्कि लगातार तीसरे दिन की हकीकत है। शनिवार से कुड़वार गैस एजेंसी पर एक भी सिलिंडर का लोड नहीं पहुंचा। नतीजा यह है कि मंगलवार तक करीब 600 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित हो गई है। जिन घरों में गैस खत्म हो चुकी है, वहां अब चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी और अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मंगलवार को कुड़वार की अन्य गैस एजेंसियों पर भी हालात जस के तस रहे। सुबह से लाइन में लगे लोग दोपहर तक इंतजार करते रहे, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। कई महिलाएं छोटे बच्चों के साथ कतार में खड़ी रहीं। कुछ लोग तो रोज आकर लौट जाने को मजबूर हैं। एजेंसी संचालक महेंद्र सिंह का कहना है कि शनिवार के बाद से सप्लाई पूरी तरह ठप है। अब बुधवार तक लोड आने की संभावना है।
उपभोक्ताओं ने बयां की पीड़ा
कुड़वार। चकमूसी निवासी मो. हसनैन ने बताया कि उन्होंने सोमवार को बुकिंग कराई थी, लेकिन मंगलवार को पता चला कि लोड ही नहीं आया। कुड़वार निवासी राजाराम ने बताया कि उन्होंने 30 मार्च को बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला। मजबूरी में लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है। पूरे मोहन मिश्र सरकौड़ा निवासी सुषमा ने बताया कि वह सुबह छह बजे से लाइन में लगी रहीं, लेकिन दोपहर बाद भी सिलिंडर नहीं मिल सका।
दोस्तपुर में 300 उपभोक्ता लौटे खाली हाथ
दोस्तपुर। स्थानीय कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी पर भी हालात बेहतर नहीं दिखे। मंगलवार को अधिकांश उपभोक्ता बिना सिलिंडर लिए ही लौट गए। एजेंसी संचालक दीपक कुमार ने बताया कि सोमवार को आया लोड खत्म हो चुका है। 300 से अधिक बुकिंग लंबित हैं। बुधवार को नए लोड की उम्मीद है। कजियाना निवासी रमाकांत गौतम ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला।
दूर कराई जाएगी समस्या
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि ग्रामीण एजेंसियों पर नियमित रूप से लोड नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे स्टॉक और बुकिंग की सटीक जानकारी मिलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि सिलिंडर नहीं मिलने पर उपभोक्ता 9120098526 और 9208507500 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। समस्या दूर कराई जाएगी।