सुल्तानपुर। मंडलायुक्त अयोध्या राजेश कुमार 30 अक्तूबर को कुड़वार विकास खंड के भड़रा परसुरामपुर गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जिला कारागार में निर्माणाधीन बैरक व अन्य कार्य का निरीक्षण करेंगे। उनके एक दिवसीय दौरे का कार्यक्रम जारी होने के बाद तैयारियां तेज हो गई हैं।
उनके दौरे को देखते हुए सोमवार को जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारियों ने गांव का भ्रमण कर अपने विभाग से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने गांव में पेंशन, शौचालय निर्माण, पीएम आवास, मनरेगा, विद्युत व जमीन संबंधी मामलों का परीक्षण किया। एनआरएलएम के उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि मंडलायुक्त कारागार में निरीक्षण के बाद गांव में चौपाल लगाएंगे। कलेक्ट्रेट में विकास व राजस्व कार्यों की समीक्षा करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए तैयारियां चल रही हैं। (संवाद)