सुल्तानपुर। बल्दीराय के सउदीपुर निवासी माधुरी यादव की आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दमक दिल्ली तक पहुंची है। दिल्ली में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की उन्होंने अपनी दुकान संचालित कर ली है। गांव के साथ दिल्ली में भी नए तरीके की ज्वेलरी बनने लगी हैं। इससे परिवार की आजीविका का साधन बढ़ गया है।
गांव में संचालित लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष माधुरी यादव ने बताया कि करीब 12 साल पहले वह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ीं। उस समय परिवार की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। विभाग की सलाह पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनाने का प्रशिक्षण लेकर घर पर काम शुरू किया। धीरे-धीरे गांव व आसपास की दुकानों पर ज्वेलरी की मांग बढ़ने लगी। विभाग ने स्थिति को देखते हुए विभिन्न जगहों पर लगने वाले मेले में भेजना शुरू किया।
इसके बाद दिल्ली में ज्वेलरी की एक दुकान खोल लिया गया। अब परिवार के लोग दिल्ली में भी आर्टिफिशियल ज्वेलरी बना रहे हैं। गांव से भी ज्वेलरी बनकर दिल्ली कभी-कभी जा रही है। दुकान खुलने से परिवार की स्थिति में सुधार आया है। शादी-विवाह शुरू होने से इस मौसम में मांग बढ़ी है। जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि आर्टिफिशियल ज्वैलरी के कार्य से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।