एमजीएस खेल मैदान पर वॉलीबॉल की विजेता टीम।
सुल्तानपुर। शहर के एमजीएस इंटरमीडिएट कॉलेज के मैदान में शुक्रवार को मंडल स्तरीय वॉलीबाॅल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में तीन वर्गों में मंडल के पांच जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह और अध्यक्ष संजय सिंह ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह अगुवाई में आयोजित प्रतियोगिता में सीनियर संवर्ग बालिका में सुल्तानपुर की टीम ने स्पोर्ट्स हाॅस्टल अयोध्या को तीन सेट के मैच में 2-1 से हरा दिया। जूनियर संवर्ग में भी बालिकाओं ने स्पोर्ट्स हॉस्टल अयोध्या की टीम को तीन सेट के मैच में 2-1 से हराया।
सब जूनियर संवर्ग में अंबेडकरनगर ने सुल्तानपुर को 2-0 से हराया। बालक संवर्ग सीनियर में अमेठी ने सुल्तानपुर को तीन सेट के मैच में 2-0 से मात दी। जूनियर संवर्ग में अमेठी ने बाराबंकी को हराया। सब जूनियर में सुल्तानपुर ने अयोध्या को हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया।
निर्णायक स्टेडियम कोच प्रदीप यादव, सर्वेश सिंह, राजवीर सिंह रहे। संचालन राकेश सिंह और मुनेंद्र मिश्रा ने किया। क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।