शहर के राहुल तिराहे पर सड़क का लोकार्पण करते नगर पालिका अध्यक्ष। -संवाद
सुल्तानपुर। शहर में आवागमन की सुविधा को देखते हुए खस्ताहाल हो चुकीं सड़कों की दशा में सुधार कराया जाएगा। जर्जर मार्गों को चिह्नित कर वहां पर नई सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। ये बातें नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को राहुल चौराहे पर 45 लाख की लागत से निर्मित सड़क के लोकार्पण अवसर पर कहीं।
बृहस्पतिवार को राहुल चौराहा से डिहवा होते हुए आवास विकास कॉलोनी तक लगभग 450 मीटर की सड़क का लोकार्पण किया गया। लगभग 45 लाख रुपये से निर्मित सड़क का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने किया।
उन्होंने बताया कि नगर के सभी जर्जर मार्गों को इसी तरह डामरीकृत कराया जा रहा है। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क पर रिफ्लेक्टर भी लगवाया गया है ताकि रात्रिकालीन दुर्घटना से बचा जा सके। इस मौके पर सभासद देवानंद, अरविंद यादव, मुहम्मद अहमद सिद्दीकी, संतोष चौधरी, सुधीर तिवारी, आरिफ अंसारी मौजूद रहे।