प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को यहां पार्टी की सदस्यता अभियान में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुठभेड़ पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर करारा प्रहार किया। बोले कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार अपराध के समूल नास की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले सात सालों में सीएम के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हुई है। कार्रवाई में अपराधियों की जाति नहीं देखी जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के साथ ही पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से कराए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सदस्यता अभियान के क्रम में वह सदर विधायक राजप्रसाद व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के साथ गड़ौली गांव पहुंचे। करीब 40 घरों में पहुंचकर लोगों का ऑनलाइन पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद कोहड़ा गांव में पहुंचे। शाम को दूबेपुर ब्लॉक सभागार में प्रधानों, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्यों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। लंभुआ के आनापुर गांव पहुंचकर विधायक सीताराम वर्मा की मौजूदगी में लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया। इस मौके पर एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक विनोद सिंह, नपाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, सुशील त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी भी मौजूद रहे।