सुल्तानपुर। कोरोना वायरस से चल रही लड़ाई के बीच जिले में क्वारंटीन लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़े में अभी तक जिले में 18,306 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। सतर्कता के लिहाज से प्रशासन लगातार बाहर से पहुंचे लोगों पर नजर रखे है।
कोरोना से चल रही जंग के बीच प्रशासन पूरा एहतियात बरत रहा है। सतर्कता के मद्देनजर प्रशासन लगातार बाहर से आए लोगों को क्वारंटीन कर रहा है। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब क्वारंटीन किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 18,306 हो गई है।
इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 18,085 व शहरी क्षेत्रों में 221 लोग क्वारंटीन किए गए हैं। रविवार तक यह संख्या 17,105 थी। इसके साथ ही गैर प्रांतों व गैर जनपदों से आए 406 लोगों को विभिन्न आश्रय स्थलों में रखा गया है।
प्रशासन व अन्य संस्थाओं की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। डीएम सी. इंदुमती ने कहा कि फल, सब्जी व दूध की आपूर्ति डोर टू डोर कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।