सुल्तानपुर। इस बार सहालग का सीजन कोरोना काल में बीत गया। इससे टेंट व मैरिज लॉन से जुड़े लोग आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। मंगलवार को टेंट एवं मैरिज लॉन व्यापार एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर वैवाहिक आयोजन में 400 मेहमानों के शामिल होने की मांग की है। टेंट एवं मैरिज लॉन व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगत नारायण दुबे व महामंत्री संजय कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस समय प्रशासन की तरफ से मांगलिक आयोजन में सिर्फ 30 लोगों को शामिल होने की छूट दी गई है। अतिथियों की संख्या में लगे प्रतिबंध के कारण टेंट, पंडाल, कैटरिंग, मंडप, बैंक्वेट हॉल के साथ ही प्रत्यक्ष रूप से जुड़े फार्म हाउस, होटल, बैंडबाजा, ढोल, डीजे, लाइट, डेकोरेशन, इवेंट प्लानर, फूल-घोड़ी वाले आदि सेवा से जुड़े लोगों का रोजगार मार्च महीने से बंद है। इस व्यवसाय से जुड़े लोग आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं।
अनलॉक प्रक्रिया में सरकार ने कई व्यापारिक गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति दी है। लेकिन वैवाहिक कार्यक्रम में प्रतिबंध अब भी लगा रखा है। टेंट व कैटरिंग व्यवसायी प्रभावी रूप से पूरे साल भर में अधिकतम 30 से 40 दिन की ही बुकिंग पाते हैं। इसी में उनका पूरे साल का जीवन यापन होता है। अब नवंबर व दिसंबर में कुछ विशेष दिनों के लिए शादियों का दिन निर्धारित है। इसलिए मांगलिक आयोजन में कम से कम 400 मेहमानों के शामिल होने की अनुमति प्रदान की जाए।
इस दौरान सभी टेंट, मैरिज लॉन, बैंक्वेट हाल निर्धारित नियमों का पालन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश संगठन मंत्री हरप्रीत सिंह, कोषाध्यक्ष घनश्याम कसौंधन, जिला कार्यकारी सदस्य स्वामी प्रकाश गौड़ शामिल रहे।