नगर पालिका में सड़क निर्माण का टेंडर स्थगित
सुल्तानपुर। नगर पालिका में सड़क निर्माण समेत अन्य कई कार्यों का टेंडर बुधवार को स्थगित कर दिया गया। टेंडर स्थगित होने की सूचना ईओ ने नोटिस बोर्ड पर चस्पा करवा दी।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष पति समेत कई सभासद टेंडर प्रक्रिया पूरी कराए जाने को लेकर डीएम से मिलने गए। हालांकि डीएम की ओर से उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी। टेंडर स्थगित होने से चेयरमैन समर्थकों में मायूसी छा गई।
नगर पालिका में ठेकेदारों के पंजीयन व नवीनीकरण में अनियमितता को लेकर सभासदों ने डीएम से पूर्व में शिकायत की थी। डीएम के आदेश पर मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व उमाकांत त्रिपाठी कर रहे हैं।
ठेकेदारों के पंजीयन की चल रही जांच अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। बुधवार को नगर पालिका में शहर के कई स्थानों पर सड़क निर्माण समेत अन्य कई कार्यों के टेंडर होने थे।
चर्चा है कि करीब चार करोड़ रुपये का टेंडर करवाया जाना था। पंजीयन की जांच प्रक्रिया पूरी नहीं होने से नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने नगर पालिका के नोटिस बोर्ड पर टेंडर के स्थगित किए जाने की नोटिस चस्पा करवा दी।
चस्पा की गई नोटिस में अपरिहार्य कारणों से निविदाएं स्थगित किए जाने की बात कही गई है। नोटिस चस्पा होने के बाद टेंडर प्रक्रिया को लेकर सभासदों में ऊहापोह की स्थिति बन गई।
इसी बीच नगर पालिका अध्यक्ष के पति अजय जायसवाल भी पहुंच गए। अजय जायसवाल के साथ कई सभासद डीएम से मिलने पहुंच गए। नगर पालिका अध्यक्ष पति के नेतृत्व में सभासदों ने टेंडर प्रक्रिया के बारे में डीएम सी. इंदुमती से वार्ता की। इस पर डीएम ने पंजीयन की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अग्रिम कार्रवाई किए जाने की बात कही।