सुल्तानपुर में सोमवार को गमछा ओढ़कर धूप से बचाव करते लोग। -संवाद
- फोटो : हरचंदपुर क्षेत्र से होकर निकली हिलगी माइनर।
सुल्तानपुर। बीते दिनों आई आंधी और बारिश के बाद से उमस बढ़ गई है। मौसम साफ होने से तापमान फिर तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को दिनभर तेज धूप निकलने से वातावरण में चिपचिपाहट बनी रही। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को उमस भरे मौसम के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन पूर्व आंधी और बारिश के कारण तापमान गिरकर 35.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी।
बारिश का असर कम होते ही तापमान में फिर वृद्धि होने लगी है। धूप से बचाव के लिए लोगों को गमछा और छाते का सहारा लेना पड़ा।
मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि मानसून के जिले में पहुंचने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। मानसून पूर्व गतिविधियों के तहत बीच-बीच में छिटपुट बारिश और तेज हवा चल सकती है। इस वजह से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही।