सुल्तानपुर। किसान के खाते की जमीन पर सार्वजनिक रास्ता प्रस्तावित करना लेखपाल को भारी पड़ गया। फर्जी रिपोर्ट लगाने की पुष्टि पर जिलाधिकारी ने इमिलियाखुर्द के लेखपाल व पंचायत सचिव को सस्पेंड करने का आदेश दिया। दोनों कर्मचारियों के वेतन से रिकवरी करने की संस्तुति दी गई है। लेट लतीफी पर जिला प्रोबेशन अधिकारी का वेतन भी रोक दिया गया है।
सदर तहसील दिवस की मंगलवार को जिलाधिकारी अदिति सिंह ने अध्यक्षता की। फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान दूबेपुर ब्लॉक के अमिलियाखुर्द गांव के लेखपाल व पंचायत सचिव को फर्जी रिपोर्ट लगाने का दोषी पाया गया। जांच में किसान की जमीन पर सरकारी खड़ंजा प्रस्तावित किए जाने की पुष्टि मिलने पर डीएम ने दोनों को सस्पेंड करते हुए निर्माण कार्य पर व्यय धन की रिकवरी करने का निर्देश एसडीएम सदर रतीभान वर्मा को दिया। तहसील दिवस में करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी वीके पांडेय का वेतन रोक दिया गया। बीडीओ कुड़वार, एसएचओ कोतवाली देहात व पूर्ति निरीक्षक सदर तहसील को शिकायत निस्तारण में शिथिलता पर नोटिस देने का निर्देश डीएम ने दिया।
पीडब्ल्यूडी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी राजबहादुर श्रीवास्तव को बार-बार दौड़ाने पर एसपी सोनिया सिंह ने नगर कोतवाल वीपी सिंह को दो दिन के भीतर समस्या निस्तारण का अल्टीमेटम दिया। तहसील दिवस के दौरान अधिकारियों को ई-गवर्नेंस के तहत प्रमाणपत्र जारी करने का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ केबी सिंह, सीओ सिटी नवीन सिंह, डीडीओ हरिशंकर सिंह समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।