धम्मौर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के सरकंडेडीह गांव में सोमवार की रात पुराने विवाद में कुछ लोगों ने एक किशोर को गोली मार दी। गोली उसके गले के पास लगी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल किशोर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। किशोर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
धम्मौर थाना क्षेत्र के सरकंडेडीह गांव निवासी उबैद खान का आरोप है कि सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे उनका पुत्र मो. फुजैल खान (17) अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। उसी समय पुराने विवाद को लेकर गांव के नय्यर उर्फ बंगाली, अरशद उर्फ टेनी, मिनहाज व दो-तीन अज्ञात व्यक्ति अपने हाथों में असलहा लेकर उसके पास आए। इसके बाद आरोपियों ने फुजैल को गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच नय्यर उर्फ बंगाली ने अहलेहदीश मस्जिद के पीछे फुजैल के गले के पास पीछे से असलहा लगाकर गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल फुजैल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता उबैद खान की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इस संंबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण चंद्र ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था फुजैल
सरकंडेडीह गांव निवासी उबैद खान की तीन संतानें थी। उसमें फुजैल सबसे छोटा था। वह पढ़ाई करता था। उसकी मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हत्या की इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।