धम्मौर के कमोलिया गांव में जांच करने पहुंचे जिला उद्यान अधिकारी। स्रोत-सोशल मीडिया
धम्मौर। ग्राम पंचायत कमोलिया में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए शुक्रवार को एक बार फिर प्रशासनिक टीम गांव पहुंची। पिछली बार हुई झड़प को देखते हुए इस बार पुलिस की निगरानी में जांच प्रक्रिया संपन्न हुई।
शिकायतकर्ता पप्पू कोरी की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) की ओर से गतिठ टीम जांच कर रही है। आठ अप्रैल को टीम के सामने शिकायतकर्ता और ग्राम प्रधान के समर्थकों के बीच हुए विवाद के कारण जांच अधूरी छोड़कर लौटना पड़ा था। शुक्रवार को दोबारा पहुंची जांच टीम ने पुलिस की मौजूदगी में संबंधित अभिलेखों की जांच की। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव कुमार यादव ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके और समर्थकों के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी गलत है। संवाद