सुल्तानपुर। प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों का पंजीकरण बढ़ाने के लिए शिक्षक 30 जून तक घर-घर जाएंगे। अभिभावकों से मिलकर उन्हें अपने बच्चों का नामांकन प्राथमिक विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित करेंगे।
एक जुलाई से विद्यालय का संचालन शुरू होने के बाद अध्यापक तीन दिन तक पंजीकृत छात्रों का इंतजार करेंगे। लगातार तीन दिनों तक बच्चों के नहीं आने पर शिक्षक विद्यालय बंद होने के बाद उनके घर जाकर अभिभावकों से मिलेंगे। अभिभावकों से बच्चों को विद्यालय नहीं भेजने का कारण पता करेंगे। शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने प्राथमिक विद्यालयों को 16 जून से खोल दिया है, लेकिन बच्चों के लिए विद्यालय एक जुलाई से संचालित होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि पंजीकृत बच्चों के एक जुलाई से लगातार तीन दिन नहीं आने पर उन्हें बुलाने के लिए बुलावा टीम बनाई गई है। इसमें शिक्षकों के साथ शिक्षामित्र को भी रखा गया है।