सुल्तानपुर। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के नेतृत्व में सोमवार शाम टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने मशाल जुलूस निकाला। शिक्षकों ने विरोध जताते हुए सरकार से निर्णय पर फिर से विचार करने की मांग की। जुलूस के दौरान अटेवा जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश शिक्षकों के हितों के विपरीत है।
अरुण सिंह ने टीईटी अनिवार्यता को एक सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा कि यह कदम बेसिक शिक्षा विभाग को निजीकरण की ओर ले जाने वाला है। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष अवनींद्र सिंह ने कहा कि संगठन हर परिस्थिति में शिक्षकों के साथ खड़ा है। माध्यमिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष सुभाष यादव ने आरोप लगाया कि सरकार टीईटी के मुद्दे के माध्यम से शिक्षकों को बांटने का प्रयास कर रही है।
महिला शिक्षक संघ अध्यक्षा गायत्री सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केके सिंह ने की। इस मौके पर जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।