सुल्तानपुर। परिषदीय स्कूलों के शिक्षक अब डिजिटल साक्षरता का पाठ पढ़ेंगे। इसके लिए उन्हें आईआईटी कानपुर में आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके बाद वे कक्षाओं में कोडिंग, एआई और कंप्यूटर की शिक्षा बच्चों को देंगे। जिले से 14 ब्लॉकों व नगर क्षेत्र के एक-एक शिक्षक को मिलाकर कुल 15 अध्यापकों का चयन किया जाएगा। इनमें वही शिक्षक शामिल होंगे, जो कंप्यूटर के बारे में पहले से ही काफी जानकारी रखते हों।
जिले में एक नगर क्षेत्र व 14 शिक्षा क्षेत्र हैं। नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा छह से आठवीं तक के पाठ्यक्रमों में एआई, कोडिंग व डिजिटल साक्षरता को पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया गया है। डायट प्राचार्य हरिकेश यादव ने बताया कि परिषदीय स्कूलों का पाठ्यक्रम समय की मांग के अनुसार आधुनिक हो गया है। इस कारण शिक्षकों को भी उसके लिए तैयार किया जा रहा है। जिससे वह छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर सकें।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से शिक्षकों को पहले ही विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिलाया गया है। अब शिक्षकों को राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया है। जिले से 15 शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। आईआईटी कानपुर में शिक्षकों को आवासीय प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। जिससे वह इस क्षेत्र में चल रहे बदलावों से न सिर्फ रूबरू होंगे, बल्कि चुनौतियों को भी समझ सकेंगे।