कुड़वार बीआरसी पर शिक्षकों को प्रशिक्षित करते सन्दर्भदाता। -स्रोत ः सोशल मीडिया
कुड़वार (सुल्तानपुर)। ब्लाॅक संसाधन केंद्र पर चल रहे चार दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में 100 शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों के शैक्षिक स्तर को बढ़ाने के लिए संदर्भदाताओं ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाने का सरल तरीका भी बताया।
प्रशिक्षकों ने बच्चों के अंदर भाषा की न्यूनतम दक्षता प्राप्त करने के लिए सुनने-बोलने, पढ़ने व लिखने की विधि के प्रयोग करने के गुर बताए। संदर्भदाता मनोज श्रीवास्तव ने गणित की दक्षता प्राप्त करने के लिए अनुभव, भाषा, चित्र, प्रतीक विधि का प्रयोग कर बच्चों को पढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों व शिक्षामित्रों को प्रशिक्षण के दौरान बताई गईं बारीकियों और क्रियाविधि का अपने-अपने स्कूलों में शिक्षण के समय प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया जिससे बच्चे बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्षता हासिल कर सकें। इस मौके पर दीनानाथ पांडेय, राजेश मिश्रा व गोपाल पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।