सुल्तानपुर। दूबेपुर के प्राथमिक विद्यालय, हसनपुर द्वितीय की शिक्षिका जीनत अंसारी अगस्त 2022 से बिना बताए अनुपस्थित चल रही हैं। इन्हें निलंबित कर बीआरसी जयसिंहपुर से संबद्ध किया जा चुका है। इसके बाद भी वह अपने तैनाती स्थल पर नहीं आईं।
कार्यालय की ओर से इनकी सर्विस बुक पर दर्ज रायबरेली के पते पर पत्र भेजा गया। वहां से अपूर्ण पता बता डाक वापस आ गई। मानव संपदा कोड में दर्ज लखनऊ के पते पर पत्र भेजा गया। वहां भी पत्र वापस कर दिया गया। इसके बाद भी खंड शिक्षा अधिकारी ने इनसे नियमित पत्राचार करते रहे। अभी तक शिक्षिका अपना पक्ष रखने नहीं आईं। अनुपस्थित रहने का कारण भी नहीं बताया गया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि अंतिम नोटिस जारी करते एक सप्ताह में अपना पक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके बाद भी अपना पक्ष नहीं रखती हैं तो उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।