टॉस्क फोर्स जांचेगी एडेड विद्यालयों में पदों की स्थिति
छात्रों की घटी संख्या के बाद भी स्वीकृत पदों पर भेजा गया अधियाचन
शासन के निर्देश पर गठित हुई टॉस्क फोर्स
माई सिटी रिपोर्टर
सुल्तानपुर। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में बिना छात्र संख्या के नियुक्त शिक्षकों की अब खैर नहीं है। शासन ने जिलाधिकारी के माध्यम से टॉस्क फोर्स गठित कर एडेड विद्यालयों की जांच करने का निर्देश दिया है। टॉस्क फोर्स विषयवार शिक्षकों के स्वीकृत पदों एवं उस विषय में नामांकित छात्र-छात्राओं की वास्तविक स्थिति जांचेगी।
बीते दिनों सभी एडेड माध्यमिक विद्यालयों से उनके यहां स्वीकृत पदों पर कार्यरत शिक्षकों तथा रिक्त पदों का ब्यौरा ऑनलाइन मांगा गया था। अधिकतर विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की संख्या में भारी गिरावट के बावजूद विद्यालय प्रबंधतंत्र द्वारा पूर्व में स्वीकृत पदों के अनुसार ही ऑनलाइन अधियाचन भेज दिया गया था। प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर टॉस्क फोर्स गठित कर विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। टॉस्क फोर्स छात्र-छात्राओं की वास्तविक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए अधियाचित पदों के औचित्य का सत्यापन निर्धारित प्रारूप पर करेगी। यही नहीं विद्यालयों को दी गई मान्यता की शर्तों का अनुपालन नहीं पाए जाने पर उसकी भी जांच करेगी।
बॉक्स
58 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय संचालित
जिले में कुल 58 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में लगभग 1304 अध्यापक कार्य कर रहे हैं। इनमें से कई विद्यालय ऐसे हैं, जहां एक भी नियमित शिक्षक नहीं हैं। शिक्षण की पूरी व्यवस्था तदर्थ शिक्षकों के जिम्मे है।
बॉक्स
एक टॉस्क फोर्स अधिकतम 10 विद्यालय का करेगी जांच
जनपद स्तर पर गठित टॉस्क फोर्स में राजस्व विभाग, खंड विकास कार्यालय के राजपत्रित अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, आरईएस, शिक्षा एवं प्रशासन से जुड़े जनपद स्तरीय अधिकारी रहेंगे। टॉस्क फोर्स के कार्यों का समन्वय करने के लिए एडीएम को नोडल अधिकारी तथा डीआईओएस को सह नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। एक टॉस्क फोर्स को अधिकतम 10 विद्यालयों की जांच का जिम्मा सौंपा जाएगा। टॉस्क फोर्स द्वारा जांच किए गए स्कूलों में 10 प्रतिशत विद्यालयों का निरीक्षण डीआईओएस द्वारा स्वयं किया जाएगा। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक पांच प्रतिशत विद्यालयों का रेंडम चेकिंग करेंगे।
इनसेट
आठ टीमों से कराई जाएगी जांच
सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की जांच के लिए टॉस्क फोर्स गठन का खाका तैयार किया गया है। आठ टीमें विद्यालयों की जांच के लिए लगाई जाएंगी। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद टॉस्क फोर्स को विद्यालय आवंटित किया जाएगा। पांच अक्तूबर तक जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
- नरेंद्र देव, जिला विद्यालय निरीक्षक