बल्दीराय के नरसड़ा गांव में टोंटी से पानी भरती महिला। -स्रोत-ग्रामीण
सुल्तानपुर। जल जीवन मिशन के तहत बल्दीराय विकासखंड के नरसड़ा गांव में पेयजल परियोजना पूरी होने के बाद गांव के 521 परिवारों को नल कनेक्शन देकर नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है।
वर्ष 2023 में जल निगम (ग्रामीण) की ओर से करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत से 150 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया गया था। बीच में निर्माण कार्य रुक गया था। शिकायत के बाद अधिकारियों ने निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को तेजी लाने के निर्देश दिए, जिसके बाद निर्माण कार्य पूरा कराया गया।
परियोजना पूरी होने के बाद पाइपलाइन बिछाकर 521 परिवारों को कनेक्शन दिए गए हैं। गांव में जलापूर्ति भी शुरू कर दी गई है। वर्तमान में सुबह सात से 10 बजे तक और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक दो शिफ्ट में पानी दिया जा रहा है। ग्रामीणों रामजश, निर्मला, सपना, देवमती, कालीदीन, राजकुमार और राधेरमण का कहना है कि पीने के पानी के लिए अब भटकना नहीं पड़ता। जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता वकार हुसैन ने बताया कि जलापूर्ति की नियमित निगरानी की जा रही है। निर्बाध आपूर्ति के लिए जेनसेट और सोलर पैनल की व्यवस्था भी की गई है।