भदैंया। बिकवाजितपुर गांव में 5.29 करोड़ रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के अंतर्गत अभी तक ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क खोदकर पाइपलाइन तो बिछा दी गई, अब तक घरों तक निर्बाध जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक बोरिंग पूरा होने के बाद टंकी का निर्माण करीब 40 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। इसके बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक दिया, जिससे पूरी योजना अधर में लटक गई है। यहां से मुरारपुर, बिकवाजितपुर, मनिकापुर व महेशपुर सहित सात गांवों की लगभग पांच हजार लोगों को जलापूर्ति देने की योजना है। ग्रामीण राम प्रसाद, राजाराम, दीनानाथ ने बताया कि 300 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण होना है। इस पर करीब 5.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है। घरों में कनेक्शन प्वाइंट लगा दिए गए हैं, लेकिन मुख्य टंकी का निर्माण ठप होने से आपूर्ति नहीं हुई।
बजट की कमी व भूमि विवाद से आई अड़चन
जल जीवन मिशन के ब्लॉक प्रभारी हम्माद बारी ने बताया कि टंकी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। बीच में बजट के अभाव से कुछ समस्या आई थी। मुख्य सप्लाई लाइन करीब 200 मीटर के पाइपलाइन के विस्तार में भूमि विवाद है। समस्या के निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।