सुल्तानपुर। गर्मी और उमस के बीच रोडवेज की एसी बसें खुद बीमार हैं। सुल्तानपुर डिपो की चार एसी बसों में से अक्सर दो से तीन बसें तकनीकी खराबी से अमहट स्थित कार्यशाला में खड़ी रहती हैं। यात्रियों को मजबूरी में भीड़ भरी सामान्य बसों में सफर करना पड़ रहा है।
सुल्तानपुर डिपो में कुल 177 बसें संचालित हैं, जिनमें 114 निगम और 63 अनुबंधित बसें शामिल हैं। डिपो की चार एसी बसें लखनऊ वाया कानपुर और वाराणसी वाया अयोध्या रूट पर चलाई जाती हैं, लेकिन गर्मी शुरू होते ही इन बसों की हालत बिगड़ने लगी। 28 अप्रैल से एक एसी बस कार्यशाला में बंद है, वहीं शनिवार को वाराणसी रूट की एक और बस संचालन से बाहर हो गई।
यात्रियों शिव चरन, अखिलेश कुमार मिश्र, रामानंद कनौजिया आदि का कहना है कि तेज गर्मी में एसी बसें ही राहत का एकमात्र सहारा होती हैं, लेकिन लगातार खराबी से सामान्य बसों में भीड़ बढ़ गई है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई यात्रियों ने किराया अधिक होने के बावजूद सुविधा न मिलने पर नाराजगी जताई।
मरम्मत के दावे, राहत का इंतजार
एआरएम सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि खराब बसों की मरम्मत कराई जा रही है। तकनीकी खामियां दूर होते ही सभी एसी बसों का नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा।