सुल्तानपुर। एमजीएस इंटर कॉलेज में बुधवार को मंडल स्तरीय बालक व बालिका वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बालक व बालिका वर्ग में सुल्तानपुर की टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
बुधवार को एमजीएस इंटर कॉलेज में मंडल स्तरीय बालक व बालिका वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीनियर बालक वर्ग में सुल्तानपुर की टीम ने बाराबंकी की टीम को पराजित किया।
सीनियर बालिका वर्ग में सुल्तानपुर की टीम के खिलाड़ियों ने अयोध्या की टीम को हराया। सब जूनियर बालिका वर्ग में भी सुल्तानपुर की टीम ने अयोध्या की टीम को शिकस्त दी।
प्रतियोगिता का संचालन शिक्षक श्यामलाल निषाद ने किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष संजय सिंह व प्रबंधक बालचंद्र सिंह रहे। प्रतियोगिता में अयोध्या, बाराबंकी, अंबेडकरनगर व जिले के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
खेल प्रशिक्षक राजेश कनौजिया ने बताया कि चयनित टीम 24 से 27 सितंबर के बीच मिर्जापुर में होने वाली प्रदेश स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इस मौके पर एमजीएस इंटर कॉलेज के प्राचार्य बजरंगी सिंह, राकेश सिंह, दीपक सिंह, अजय सिंह, अशोक सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।