गौरीगंज। किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के लिए आयोजित किसान दिवस में बुधवार को डीएम प्रशांत शर्मा के तेवर सख्त दिखे।
डीएम ने दिवस में मौजूद सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे किसानों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने किसानों से भी कहा कि वे निस्तारण में आ रही बाधा को दूर करने में अफसरों का सहयोग करें।
दोपहर बाद आयोजित किसान दिवस में सबसे पहले डीएम प्रशांत शर्मा ने पिछले दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। इसके बाद दिवस को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें तथा उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसान दिवस में किसानों ने अघोषित बिजली कटौती व बिल बढ़ोत्तरी की समस्या उठाई ।
जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए। विद्युत बिल बढ़ोतरी को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत बिल बढ़ोतरी शासन स्तर से की जाती है।
किसान दिवस में मौजूद किसानों ने सिंचाई के संबंध में अपनी समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। किसानों ने बताया कि नहरों की सिल्ट सफाई नहीं हुई है।