ट्रॉफी के साथ खुशी मनाते सुल्तानपुर चैलेंजर टीम के खिलाड़ी।- संवाद
सुल्तानपुर। शहर से सटे घरहां में रविवार शाम केजीएन आयरन कप डे-नाइट कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। प्रतापगढ़ को हराकर सुल्तानपुर चैलेंजर ने खिताब पर कब्जा जमा लिया। मैच का शुभारंभ भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल तिवारी व वॉलीबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मुनेंद्र मिश्र ने किया।
सुल्तानपुर चैलेंजर के कप्तान सुमित ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए। जवाब में उतरी प्रतापगढ़ की टीम 50 रन पर ही ऑलआउट हो गई। सुल्तानपुर चैलेंजर ने 67 रनों के अंतर से मैच जीत लिया।
मैन ऑफ द मैच आकाश रहे, उन्होंने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए 24 रन बनाए और चार विकेट झटके। बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट शादाब, बेस्ट बॉलर विशाल सिंह और बेस्ट फील्डर अरसी रहे। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब चैलेंजर टीम के इसरान को मिला। निर्णायक रूमी और चंद्रशेखर सिंह रहे। कमेंट्री अरुण सिंह, तसीम लकी ने की। इस मौके पर आयोजक अयाज, गोल्डी, इसरान, दिलशाद, विवेक सिंह, डॉ. अमित सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।