दुर्घटना में दोनों भाइयों की मौत।
- फोटो : amar ujala
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर जयसिंहपुर के सारंगपुर के पास रविवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक पीछे से भिड़ गई। दुर्घटना में बाइक सवार कानपुर के केशवपुरम आवास विकास निवासी श्रमिक सुमित गौड़ (30) व उनके छोटे भाई शुभम गौड़ (23) की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर आरके चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों से बात करने पर पता चला कि सुमित व शुभम कानपुर से बाइक से अपने गांव आजमगढ़ के फूलपुर के बहरामपुर जाने के लिए घर से निकले थे। उनके गांव में कोई कार्यक्रम था। वह दोनों उसी में शामिल होने जा रहे थे।
इसी बीच सारंगपुर गांव के पास दुर्घटना हो गई। बाइक सुमित चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद यूपीडा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल शुभम को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। यूपीडा कर्मियों के मुताबिक बाइक की स्पीड काफी तेज थी।
सोमवार को दुर्घटना की जानकारी पर पहुंचे मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि सुमित, शुभम मजदूरी करते थे। उनके पिता बौद्ध गौड़ भी मजदूरी करते हैं। उनकी तीन संतानें थीं। दो पुत्रों की मौत हो गई। एक पुत्री घर पर रहती है। दोनों भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सेमरी टोल प्लाजा के पास रखवाया गया है। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।