सुल्तानपुर। जिला स्तर पर चयनित सब जूनियर क्रिकेट के खिलाड़ियों की टीम ने अंबेडकरनगर में आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मैचों में एक तरफा जीत हासिल की। शुक्रवार को हुई इस प्रतियोगिता में मंडल स्तर पर टीम ने कुल तीन मैचों में प्रतिभाग किया।
पहला मैच अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के बीच खेला गया, जिसमें सुल्तानपुर ने 10 ओवर में चार विकेट खोकर 62 रन बनाए। जवाब में अंबेडकरनगर की टीम निर्धारित ओवरों में लक्ष्य पूरा न कर सकी और उनके खिलाड़ी 53 के स्कोर पर ऑल आउट हो गए। इससे सुल्तानपुर की टीम को फाइनल खेलने का मौका मिला। मैन ऑफ द मैच अमित मिश्रा रहे, जिन्होंने तीन विकेट चटकाए।
फाइनल मुकाबला सुल्तानपुर और बाराबंकी के बीच खेला गया। जिसमें सुल्तानपुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 103 रन का विशाल स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाराबंकी की टीम मात्र 37 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए विकेट कीपर देवांश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह आदि ने खुशी जताते हुए टीम कोच के साथ खिलाड़ियों को बधाई दी है।