गोसाईगंज। द्वारिकागंज स्थित रामरती इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को बालक वर्ग की मंडल स्तरीय विद्यालयी अंडर- 19 क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में बाराबंकी, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में बाराबंकी को हराकर सुल्तानपुर टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता का पहला मैच अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के बीच हुआ, जिसमें सुल्तानपुर 20 रनों से विजेता बनी। फाइनल मैच बाराबंकी और सुल्तानपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बाराबंकी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों के मैच में बाराबंकी ने 101 रन का लक्ष्य दिया। बाराबंकी की टीम से बल्लेबाज विष्णु ने अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 52 रनों का योगदान दिया। बाराबंकी की ओर से दिए गए लक्ष्य का पीछा करते हुए सुल्तानपुर ने 8.4 ओवर में 102 रन बनाकर मैच जीत लिया।
सुल्तानपुर की तरफ से सुधीर यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसके अलावा जीशान, प्रिंस, सनी कनौजिया, कपिल कुमार, आयुष का प्रदर्शन सराहनीय रहा। मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज सुधीर यादव रहे। कॉलेज के प्रबंधक भूपेंद्रनाथ वर्मा, खेल प्रभारी सर्वेश कांत वर्मा ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड देकर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर सुरेश यादव, सुरेंद्र वर्मा, दीपक सिंह, मनोज वर्मा, प्रदीप सिंह, वीरेश, फैजान आदि मौजूद रहे।