सुल्तानपुर। सामान्य सड़क से सुल्तानपुर-अयोध्या सिक्स लेन करीब पांच फीट ऊंचा बनाया जाएगा। जिले में सर्वे का काम तकरीबन पूरा हो गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्ययोजना तैयार होगी।
प्रतापगढ़-अयोध्या सिक्स लेन के पहले खंड में सुल्तानपुर से अयोध्या तक करीब 53 किमी मार्ग सामान्य से करीब पांच फीट ऊंचा बनाया जाएगा। हालांकि चार लेन का हाईवे बनाने के साथ एनएच दो लेन की सर्विस रोड साथ-साथ बनाएगी। सर्विस रोड के जरिए ही ग्रामीणों को हाईवे का लाभ मिल सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक सर्विस रोड मुख्य मार्ग से कुछ नीचा होगा। नाला, नदी, बड़े हाईवे व रेलवे क्रॉसिंग पर सर्विस रोड भी बीच-बीच में ऊंचा होगा। इसे देखते हुए सिक्स लेन का निर्माण कराया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के प्रस्तावित मानचित्र को केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद सर्वे कराया जा रहा है। केंद्र से नामित कंपनी ने जिले में काम करीब पूरा कर लिया है। इसके बाद अयोध्या जिले के हाईवे पर पड़ने वाले गांवों की भूमि का सर्वे होगा। सर्वे को देखते हुए ग्रामीणों ने इस पर निगाह गड़ा दी है।
ग्रामीणों के लिए बनाई जा रही सर्विस रोड
एनएच के अधिशाषी अभियंता विकास कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को सुविधा देने के लिए सर्विस रोड बनेगी। सर्विस रोड टोल प्लाजा के पास ही मुख्य मार्ग में मिलेगा, ताकि बड़े वाहन बीच से हाईवे पर प्रवेश न कर सकें।