सुल्तानपुर के कूरेभार क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल अवस्था में बाहर निकली बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज होगा।
सुल्तानपुर में कूरेभार के कुदारन गलिबहा निवासी संतोष की पुत्री जानवी (13) की मंगलवार दोपहर करीब 3.55 पर एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद गांव निवासी आशीष यादव ने बताया कि वह लोग घर के बाहर मौजूद थे। अचानक खून से लथपथ जानवी घर से अपना गला पकड़े हुए बाहर निकली। उसने इशारे से पेन, कागज मांगा। उसने कागज में लिखा अम्मा और दादा खेत में हैं। पापा का नंबर लिखा। विनीत लिखने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया।
वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जानवी की हत्या से परिवार में चीख-पुकार मची है।