सुल्तानपुर। त्योहार और घरेलू जरूरतों के बीच चीनी के बढ़ते दाम ने लोगों की जेब पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। सप्ताहभर में चीनी के फुटकर भाव में 11 रुपये प्रति किलो तक की उछाल आई है। 54 रुपये किलो बिक रही चीनी अब 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। अचानक आई तेजी से घरों का बजट बिगड़ने के साथ चाय, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की लागत भी बढ़ने लगी है।
थोक कारोबारियों के अनुसार बाजार में पुराना स्टॉक तेजी से घट रहा है। दूसरी ओर मांग बनी हुई है। स्टॉक कम होने और मिलों से महंगे भाव पर आपूर्ति मिलने से थोक कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका असर फुटकर बाजार में दिखाई दे रहा है।
थोक कारोबारी सत्यनारायण मोदनवाल ने बताया कि बाजार में पुराना स्टॉक कम होने से मिलों और थोक बाजार से चीनी महंगे भाव पर मिल रही है। व्यापारी सुरेश कुमार के मुताबिक सप्ताहभर में फुटकर भाव करीब 11 रुपये किलो बढ़ा है। कृष्ण मोहन बरनवाल ने बताया कि चीनी के भाव रोज बदल रहे हैं। ऐसे में पुराने रेट पर बिक्री करने पर दुकानदारों का मार्जिन प्रभावित हो रहा है।