सुल्तानपुर। किसान सहकारी चीनी मिल में रविवार की सुबह नौ बजे के करीब मोटर फुंकने से गन्ने की पेराई बंद हो गई। चीनी मिल ठप हो जाने से यार्ड में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लग गईं।
शाम करीब चार बजे मोटर बदलने के बाद पेराई शुरू हो सकी। करीब सात घंटे बाद गन्ने की पेराई बंद होने से कड़ाके की ठंड में गन्ने की तौल कराने आए किसानों को परेशानी उठानी पड़ी।
जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल में गन्ने की पेराई का कार्य रविवार की सुबह करीब नौ बजे मोटर जलने से ठप हो गया। चीनी मिल में पेराई ठप होने से यार्ड में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लग गईं।
मोटर फुंकने की सूचना के बाद मिल प्रशासन हरकत में आ गया। मैकेनिक बुलाकर मोटर को ठीक कराने के लिए कार्य शुरू किया गया। रविवार को दोपहर बाद करीब चार बजे दूसरा मोटर लगाने के बाद पेराई का कार्य शुरू कराया गया।
सात घंटे तक चीनी मिल का संचालन ठप होने से यार्ड में खड़ी गन्ना से लदी ट्रैक्टर-टालियों से जाम की नौबत आ गई। पेराई बंद होने से कड़ाके की ठंड में अपने गन्ने की तौल कराने आए किसानों को खासी परेशानी उठानी पड़ी, इससे किसानों में रोष रहा।
किसान सहकारी चीनी मिल के जीएम रामजी सिंह ने बताया कि मिल का मोटर जलने से पेराई का कार्य प्रभावित हुआ था। मोटर बदलने के बाद चार बजे से मिल में पेराई का कार्य शुरू करवा दिया गया है।