किसान सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र 2015-16 का शुभारंभ सोमवार को विधिवत हवन-पूजन के साथ हुआ। प्रभारी डीएम ने मशीन में गन्ना डाल कर 33वें पेराई सत्र का शुभारंभ किया। गन्ना की उपलब्धता नहीं होने से मिल में गन्ना पेराई शुरू नहीं हो सकी।
जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल के शुभारंभ के पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच करीब 11.30 बजे प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ रामयज्ञ मिश्र, जीएम केपी शुक्ल व मिल के उपाध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने हवन-पूजन किया। परंपरा के मुताबिक प्रभारी डीएम ने पहली तौल बैलगाड़ी से लाए गए गन्ने की कराई। बैलजोड़ी का पूजन करने के बाद प्रभारी डीएम ने बाल्टी भेंट की। प्रभारी डीएम/सीडीओ रामयज्ञ मिश्र, जीएम केपी शुक्ल, मिल उपाध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने मशीन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
इसके बाद प्रभारी जिलाधिकारी ने गन्ना तौल के लिए लगाए गए कंप्यूटर/कांटे का निरीक्षण किया। गन्ना की उपलब्धता नहीं होने से चीनी मिल में पेराई शुरू नहीं हो सकी। जानकार लोगों के मुताबिक चीनी मिल में पेराई शुरू होने में तकरीबन सप्ताह भर का समय लगेगा।
विद्यानंद के गन्ने से शुरू हुआ पेराई सत्र
सुल्तानपुर। पेराई सत्र के शुभारंभ के लिए रीति के मुताबिक बैलगाड़ी से गन्ना लादकर लाए धनपतगंज ब्लॉक के प्रतापपुर गांव निवासी विद्यानंद के गन्ने की तौल कराई गई। प्रतापपुर गांव के राहुल के ट्रॉली से लाए गए गन्ने को तौला गया।