सुल्तानपुर। फलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग ने एकीकृत बागवानी मिशन योजना के तहत किसानों को अनुदान देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में कुल 254 हेक्टेयर क्षेत्रफल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वर्ष 2026-27 के खरीफ सत्र में आम, अमरूद, पपीता, नींबू, टिश्यू कल्चर केला, कटहल, बेल, बेर, ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी समेत 10 प्रकार के फलों की बागवानी को योजना में शामिल किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
लक्ष्य के अनुसार टिश्यू कल्चर केला की बागवानी 146 हेक्टेयर, आम 25, अमरूद 35, पपीता 10, नींबू 10, कटहल चार, बेल चार, बेर पांच, ड्रैगन फ्रूट पांच और स्ट्रॉबेरी 10 हेक्टेयर क्षेत्र में कराई जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। आवेदन के समय खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। पौधों की खरीद किसानों को स्वयं करनी होगी। खरीद की रसीद विभाग में जमा करने और अभिलेखों के सत्यापन के बाद अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
40 से 50 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
योजना के तहत विभिन्न फलों की बागवानी पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। किसान न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर और अधिकतम चार हेक्टेयर भूमि में बागवानी कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
- रणविजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी।