लंभुआ के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते भाकियू व सुभासपा के पदाधिकारी।
लंभुआ (सुल्तानपुर)। पांडेयपुर गांव में कई उपभोक्ताओं का विद्युत बिल काफी समय से बकाया था। तीन दिन पहले ऊर्जा निगम की टीम ने बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए थे। इससे अधिकतर घरों की बत्ती गुल हो गई है। शनिवार को बकायेदारों के समर्थन में सुभासपा के जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल धुरिया, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज शर्मा तथा किसान नेता प्रभात कुमार सिंह उर्फ सूरज सिंह अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंच गए। साथ कुछ अन्य कार्यकर्ता भी थे।
कार्यालय के बाहर विद्युत अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। आरोप लगाया कि जहां बड़ा बकाया है, वहां कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। छोटे बकायेदारों पर शिकंजा कसा जा रहा है। अधिशासी अभियंता जगदीश पटेल ने बताया कि बकाया होने के कारण कनेक्शन काटा गया था। शनिवार को 16 लोगों ने बकाया जमा किया है। उनके कनेक्शन जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। (संवाद)