सुल्तानपुर। गर्मी की छुट्टियों के बाद शुक्रवार को बच्चों के लिए परिषदीय विद्यालय खुल रहे हैं। बच्चों के स्वागत के लिए खास तैयारी की गई है। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को रोली टीका लगाकर कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। मिड-डे-मील में बच्चों को खीर और हलुवा देने की तैयारी है। बेसिक शिक्षा विभाग का दावा है कि सभी परिषदीय स्कूलों में तैयारी पूरी की जा चुकी है।
जिले में बेसिक शिक्षक परिषद द्वारा 2064 विद्यालय संचालित हैं, जिसमें 1450 प्राथमिक, 343 उच्च प्राथमिक और 271 कम्पोजिट विद्यालय शामिल हैं। 18 मई 2024 तक इन स्कूलों में कुल 2,17,593 बच्चे पंजीकृत हैं, जिसमें प्राथमिक स्तर पर 1,22,596 बच्चे, उच्च प्राथमिक स्तर पर 35,407 बच्चे व कम्पोजिट विद्यालयों में 59,590 बच्चे पंजीकृत हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि 28 और 29 जून को सभी स्कूलों में समर कैंप का आयोजन किया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल संचालन के लिए जो दिशा-निर्देश जारी किए हैं, उसका पूरा पालन कराया जा रहा है। शुरूआत के दो दिन स्कूल सुबह 07ः30 से 10 बजे तक खुलेंगे। इसके बाद एक जुलाई से नियमित पढ़ाई के लिए सभी स्कूल सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग का दावा है कि सभी स्कूलों में सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है। स्कूलों के टूटे फर्श, फर्नीचर, ब्लैक बोर्ड, डस्टविन समेत कमरों की रंगाई-पुताई का कार्य पूरा कर लिया गया है।
स्कूल चलो अभियान की होगी शुरूआत
28 जून से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरूआत शुक्रवार को की जाएगी। ड्राॅप आउट बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षक अपने क्षेत्र में घर-घर जाएंगे और बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।