सुल्तानपुर। अब जिले के माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक ही सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनके भविष्य और कॅरिअर निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार परक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे समय रहते अपने कॅरिअर की दिशा तय कर सकें।
सेवायोजन विभाग की ओर से इस पहल की तैयारी की जा रही है। जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर के मुताबिक, छात्रों को यह जानकारी दी जाएगी कि किस क्षेत्र में भविष्य में बेहतर अवसर और रोजगार की संभावनाएं हैं। इस दिशा में माध्यमिक विद्यालय और स्नातक स्तर पर पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विशेष कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षित करने की योजना बनाई जा रही है।
बताया कि शासन स्तर पर इस पर विचार किया जा रहा है कि किस रोजगार क्षेत्र की संभावनाएं अधिक हैं। उसी क्षेत्र में विद्यार्थियों को रोजगार परक शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। अभी इस संबंध में आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन जैसे ही शासन से आदेश मिलेंगे, उस पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
इनसेट
कॉलेज में जाकर करेंगे विद्यार्थियों से संवाद
सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि विभागीय अधिकारी विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इन कार्यशालाओं में छात्रों की रुचि और योग्यता को समझा जाएगा, फिर उन्हें बताया जाएगा कि वे किस विषय में आगे पढ़ाई करें, कौन से कोर्स करें और किस दिशा में मेहनत कर अपना कॅरिअर बना सकते हैं। रोजगार मेलों में भी शामिल किया जाएगा। यहां उन्हें इंटरव्यू प्रक्रिया, चयन की विधि और प्रश्न पूछने के तरीके को प्रत्यक्ष देखने का मौका मिलेगा। इससे छात्रों को न केवल अनुभव मिलेगा, बल्कि वे मानसिक रूप से भी खुद को तैयार कर सकेंगे।