सुल्तानपुर। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के परीक्षा केंद्र गृह जनपद से दूर बनाए जाने के विरोध में शुक्रवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा।
जिला सचिव दुर्गेश यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्र दूर होने से बेरोजगार अभ्यर्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। जिले के परीक्षार्थियों को लखीमपुर पहुंचने के लिए ट्रेन बदलनी पड़ेगी या महंगा किराया देना होगा। आने-जाने में दो से ढाई हजार रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। जिला कमेटी सदस्य काजल ने दूरस्थ केंद्रों को छात्रों के लिए मानसिक परेशानी का कारण बताया। संगठन ने गृह जनपद में केंद्र बनाने, अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाने, मुफ्त व सुरक्षित यात्रा तथा ठहरने-खाने की व्यवस्था करने की मांग की। इस मौके पर निखिल सिंह, सत्यम कुमार सहित अन्य छात्र मौजूद रहे। संवाद