फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: बसें न मिलने पर भड़के परीक्षार्थी, किया हंगामा

Mon, 26 Aug 2024 01:01 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा शाम को खत्म होते ही रोडवेज स्टेशन में परीक्षार्थियों ने बसें नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया। बसों के उपलब्ध नहीं होने पर परीक्षार्थियों ने स्टेशन इंचार्ज व एआरएम को घेर लिया। हंगामे को देखते हुए भीड़ नियंत्रित करने में रोडवेज अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को पसीना छूट गया। आननफानन में दूसरे डिपो की बसों के सहारे परीक्षार्थियों को किसी तरह गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
विज्ञापन



जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को दूसरी पाली में खत्म हुई तो गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ, संतकबीरनगर से आए परीक्षार्थी घरों को जाने के लिए रोडवेज स्टेशन पहुंच गए। करीब तीन हजार परीक्षार्थियों की भीड़ को एक साथ देखकर रोडवेज अधिकारियों के भी हाथ-पांव फूल गए। बेड़े में मात्र 15 बसें थीं। बाकी बसें सुबह ही भेज दी गई थीं। इनमें से कुछ ही लौटी थीं। ऐसे में तीन हजार के करीब परीक्षार्थियों को गंतव्य के लिए भेजना रोडवेज अधिकारियों के लिए चुनौती बन गया। किसी तरह से 15 बसें एक-एक कर भेजी गईं।


शाम सात बजे तक जब परीक्षार्थियों को पर्याप्त बसें नहीं मिली तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस व रोडवेज कर्मियों को पसीना छूट गया। रोडवेज अधिकारियों को जब कोई जवाब नहीं सूझा तो आननफानन में एआरएम ने आसपास के जनपदों के डिपो से संपर्क साधा और सुल्तानपुर आने वाली बसों की पोजीशन लेना शुरू किया। इसी बीच अमेठी, शाहगंज, जौनपुर, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज डिपो की कुछ बसें पहुंचीं तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद एक-एक बसों से 60-70 की संख्या में परीक्षार्थियों को गंतव्य के लिए भेजा गया। रात करीब नौ बजे तक परीक्षार्थियों को भेजने का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन





तीसरे दिन साढ़े पांच हजार परीक्षार्थी हुए बस से रवाना
शुक्रवार से शुरू हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन रविवार को रोडवेज में सर्वाधिक भीड़ रही। रोडवेज के अधिकारियों की मानें तो सुबह व शाम की पाली मिलाकर करीब 5,500 परीक्षार्थियों बस स्टेशन से गंतव्य को भेजे गए। सुबह भीड़ कम रही, लेकिन शाम को भीड़ लगी। पहली पाली की परीक्षा में करीब ढाई हजार परीक्षार्थी बसों से भेजे गए थे। शाम के समय करीब तीन हजार परीक्षार्थी बसों से भेजे गए। करीब 75 बसों को परीक्षार्थियों को भेजने में लगाना पड़ा। इसमें दूसरे डिपो की बसें भी शामिल रहीं।




परीक्षार्थियों ने रोडवेज प्रशासन को ठहराया अव्यवस्था का जिम्मेदार
देवरिया से आए सत्येंद्र कुमार ने बताया कि उनका सेंटर जीआईसी में था। पांच बजे पेपर छूटा, लेकिन सात बजे तक बस नहीं मिली। गोरखपुर के राजन राय ने बताया कि उनका सेंटर केएनआईपीएसएस था। वहां से आने के बाद घर जाने के लिए कोई बस नहीं मिली। महाराजगंज के शिवम कुमार गुप्ता ने बताया कि सुल्तानपुर रोडवेज परिसर में परीक्षार्थियों के लिए कोई प्रबंध सही नहीं है। देवरिया के राजपाल चौहान ने बताया कि बस लेट मिलेगी तो घर पहुंचने में भी काफी वक्त लग जाएगा। रोडवेज प्रशासन को पहले से इसकी व्यवस्था करनी थी। कादीपुर कस्बे की रश्मि ने बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ रायबरेली पुलिस भर्ती परीक्षा देने गई थी। सुल्तानपुर बस स्टेशन वह किसी तरह से पहुंच गईं, लेकिन अब उन लोगों को कादीपुर जाने के लिए बस नहीं मिल रही है।





भीड़ बढ़ने से हुई अव्यवस्था
रोडवेज प्रशासन ने पूरी व्यवस्था की थी, लेकिन अचानक भीड़ बढ़ गई। इतनी भीड़ बढ़ने की उम्मीद नहीं थी। जो लोग दूसरे साधनों से परीक्षा देने आए थे वह भी रोडवेज पहुंच गए। दूसरे डिपों की बसों के सहारे किसी तरह से परीक्षार्थियों काे रवाना किया गया।
विज्ञापन

- विनोद शुक्ल, एआरएम, रोडवेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें