जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। शोहदों की छेड़छाड़ से तंग आकर एक गांव की बीएससी की छात्रा ने बृहस्पतिवार को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने शोहदों को युवती की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
एक गांव निवासी महिला के मुताबिक उनकी पुत्री (21) क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज की बीएससी की छात्रा थी। आरोप है कि घर से बाहर निकलने पर दो युवक उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। वह काफी परेशान चल रही थी। बृहस्पतिवार सुबह उनकी पुत्री घर से कॉलेज गई थी।
दोपहर के समय कॉलेज से लौटने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चली गई। काफी देर कमरे के भीतर से आहट नहीं मिली, तो घरवालों को संदेह हुआ। कमरे का नजारा देखकर घर वाले अवाक रह गए। परिजनों ने छात्रा काे कमरे की छत में लगे पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका देखा।
आनन फानन में परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुुंचे, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका की मां ने दो युवकों के खिलाफ जयसिंहपुर कोतवाली में तहरीर दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।