कूरेभार (सुल्तानपुर)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल में आशा के अनुरूप अंक न मिलने से परेशान कस्बा निवासी 10वीं की मेधावी अंजू यादव ने खुदकुशी कर ली। छात्रा का शव घर में पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। मां के मुताबिक, कम अंक आने से मानसिक तनाव में उनकी बेटी ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रा अंजू के पिता राम सूरत यादव की पांच साल पहले मौत हो गई थी। अंजू का पालन पोषण उनकी मां रीता कर रही थी। शुक्रवार हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम आया, जिसमें अंजू को 71 फीसदी अंक मिले। मेधावी परिणाम से संतुष्ट नहीं थी, शनिवार सुबह सात बजे अंजू ने घरवालों के साथ चाय नाश्ता किया, कुछ देर बाद घर पर मौजूद मां रीता, भाई ओम और बहन अंशिका ने अंजू को पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका देखा।